
हरोली से मुकेश के हैं खास, धार्मिक कारणों से छोड़ा पद
हिमाचल दस्तक ब्यूरो। ऊना
मतदान के दिन जिला कांग्रेस के महासचिव संतोष बिट्टू निवासी पूबोवाल ने अपने पद से त्यागपत्र देने का ऐलान किया है। त्यागपत्र देने की वजह निजी कारण बताया गया है। संतोष बिट्टू कांग्रेस पार्टी को सुदृढ़, संगठित करने में विशेष रोल अदा करते रहे हैं। बिट्टू ग्राम पंचायत के प्रधान भी हैं।
अचानक ही मतदान के दिन अपने पद से इस्तीफा देने के ऐलान के बाद राजनीतिक हलकों में कई प्रकार की चर्चाएं हो रही हैं। बिट्टू ने त्यागपत्र देने का कारण निजी करार दिया है। उन्होंने कहा कि वह धार्मिक डेरा के संचालक हैं। इसलिए किसी भी राजनीतिक पार्टी से नाता न रखते हुए संगत की सेवा करने का फैसला लिया है। ग्रामीण स्तर पर गांव के विकास के लिए कार्य करते रहेंगे व ग्रामीणों के सुख-दुख में शरीक होते रहेंगे।
ग्रामीणों ने हमेशा उन्हें व कांग्रेस पार्टी को बढ़-चढ़कर सहयोग किया है। इस बार भी पूबोवाल पंचायत से कांग्रेस को 70 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है। बिट्टू ने कहा कि पार्टी के पद से त्यागपत्र शीघ्र ही पार्टी के जिलाध्यक्ष एडवोकेट वीरेंद्र धर्माणी को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो सम्मान दिया है वे उसके लिए पार्टी के आभारी हैं।
Comments