
भाजपा अध्यक्ष बोले, इनके झूठ पर अब भरोसा नहीं करते लोग
पहले झूठा हिमाचल बचाओ अभियान चलाया और खुद ही भूल गए
हिमाचल दस्तक ब्यूरो। शिमला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि हिमाचल कांग्रेस भू सुधार कानून की धारा-118 पर लोगों को गुमराह करने की असफल कोशिश कर रही है। कांग्रेस पार्टी की ये खासियत है कि इस मुद्दे पर एक झूठ बोलने लगता है और फिर सभी उसे रिपीट करते हैं। शिमला में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व की धूमल सरकार के खिलाफ में तब झूठ बोलकर चुनावी लाभ लिया, लेकिन इस बार इससे कुछ नहीं होगा।
अब लोग इनके झूठ पर भरोसा नहीं करते। धारा 118 को बचाने की जितनी आम आदमी को चिंता है, उतनी ही भाजपा सरकार को भी। अभी देश के कुछ नेताओं ने अनुच्छेद 370 से धारा 118 को जोडऩे की कोशिश की है, जो निराधार है। दोनों मामलों में कोई समानता नहीं हैं। 370 अलगाववाद को बढ़ावा देने वाला प्रावधान था। इससे देश का लाभ नहीं, नुकसान ही हुआ।
जबकि धारा-118 हिमाचल के हित को संरक्षण देने की व्यवस्था है, क्योंकि पहाड़ी प्रदेश में जमीनें कम हैं। सत्ती ने कहा कि यहां गैर कृषकों को रोक है, लेकिन जब प्रियंका गांधी को छराबड़ा में जमीन देने की बात आई तो पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने विधानसभा में इसका खुद समर्थन किया था।
देश की जानी मानी हस्तियां अपने रहने के लिए यदि यहां जमीन चाहती हैं तो उसको देने की व्यवस्था धारा-118 में ही है। लेकिन कांग्रेस इसको अब बिना आधार के मुद्दा बना रही है। प्रेस वार्ता में सत्ती के साथ शिमला की मेयर कुसुम सदरेट, भाजपा उपाध्यक्ष गणेश दत्त, शिमला जिलाध्यक्ष संजय सूद, मीडिया प्रभारी शिमला कर्ण नंदा और पार्षद सुनील धर शामिल थे।
कांग्रेस ने 5 बार की इस धारा से छेड़छाड़
सत्ती ने कहा कि वर्तमान सरकार ने धारा 118 में कोई बदलाव नहीं किया। कांग्रेस को बताना चाहिए कि उनकी सत्ता के समय इसमें 5 बार क्यों छेड़छाड़ की गई? इस मामले पर परमार जयंती से हिमाचल बचाओ अभियान छेडऩे वाली कांग्रेस पर चुटकी लेते हुए सत्ती ने कहा कि जिस कांग्रेस ने मन से कभी परमार को याद नहीं किया, उसे आज याद आ रही है।
मजे की बात ये है कि जहां सिरमौर से ये अभियान शुरू किया, वहां न उनके परिवार से लोग थे, न ही कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री और फिर खुद ही भूल गए कि इस अभियान में आगे क्या करना था? उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि कांग्रेस के लोगों से पूछा कि पहले इनसे पूछें कि वर्तमान सरकार ने ऐसा क्या किया कि इसकी जरूरत पड़ी?