
मुंबई हमले पर बोले अमेरिकी राष्ट्रपति
एजेंसी। वॉशिंगटन : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने 2008 में हुए मुंबई आतंकवादी हमले के निर्दाेष पीडि़तों के प्रति एकजुटता दिखाते हुए सोमवार को कहा कि अमेरिका इस मामले में न्याय की लड़ाई में भारत के साथ खड़ा है और वह आतंकवादियों को कभी जीतने नहीं देगा।
ट्रम्प ने ट्वीट किया, मुंबई आतंकवादी हमले की 10 वीं बरसी पर अमेरिका इस मामले में न्याय पाने की भारत की जनता की इच्छा के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा, इस हमले में छह अमेरिकियों सहित 166 निर्दाेष लोग मारे गए थे। हम आतंकवादियों को कभी जीतने या जीत के करीब नहीं आने देंगे।
ट्रम्प ने कहा कि हम पाकिस्तान को एक साल में 1.3 अरब डॉलर देते हैं..(बिन लादेन)पाकिस्तान में रह रहा था, हम पाकिस्तान का समर्थन कर रहे थे, हम उन्हें एक साल में 1.3 अरब डॉलर दे रहे थे…. जो अब हम उन्हें नहीं दे रहे हैं, मैंने इसे समाप्त कर दिया क्योंकि वे हमारे लिए कुछ नहीं करते, वे हमारे लिए कुछ भी नहीं करते।
इन हमलों में अपने पति और 13 साल की बच्ची को गंवाने वाली महिला किआ चेर ने ट्वीट के लिए राष्ट्रपति का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा, यह दिन हमें घृणा पर प्यार की जीत की याद दिलाता रहे। यह ऐसी ताकत है जिसे गोली मार नहीं सकती। यह हमारी असली ताकत है। शुक्रिया।
Comments