जीवन ऋषि, धर्मशाला
हिमाचल की जयराम सरकार ने सत्ता के पांचवें साल में फोरलेन पर काम तेज करने का प्रयास किया है। हिमाचल दस्तक ने इस बार कांगड़ा जिला के जवाली उपमंडल में बन रहे फोरलेन के काम की पड़ताल की। पता चला है कि इस उपमंडल में दो फेज में कुल 13 किलोमीटर फोरलेन बन रहा है।
पहले फेज में 8 किलोमीटर एरिया को कवर किया गया है, जबकि दूसरे में पांच किलोमीटर रोड को शामिल किया गया है। पहला फेज भेड़ी खड्ड से लेकर 32 मील तक बन रहा है। इसमें करीब 38 हेक्टेयर जमीन को दायरे में लिया गया है। खास बात यह कि इसमें 32 हेक्टेयर जमीन सरकारी है, जबकि 6 हेक्टेयर जमीन प्राइवेट है। पहले फेज का क्लेम 27 करोड़ के करीब है। इसमें कुल 50 मकान फोरलेन की चपेट में आए हैं। पहले फेज में 26 करोड़ 39 लाख का क्लेम बंट चुका है। बाकी पर प्रक्रिया जारी है।
दूसरे फेज में 9 करोड़ 86 लाख क्लेम
जवाली में फोरलेन का दूसरा फेज भनियारी से तखनयार तक बन रहा है। इसमें कुल 87 मकान दायरे में आ रहे हैं। इसमें प्राइवेट लैंड 6 हेक्टेयर है, जबकि सरकारी लैंड का आंकड़ा पांच है। इस फेज में कुल क्लेम 9 करोड़ 86 लाख रुपए बना है। इसमें अभी पचास लाख क्लेम हो गया है। इसके अलावा एक करोड़ का क्लेम और बन गया है। जल्द ही यह प्रभावितों में बांटा जाएगा।
दोनों फेज का काम जोरों पर
एसडीएम जवाली महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों फेज का काम चला हुआ है। लोगों से जरूरी डाक्यूमेंटेशन करवाई जा रही है। मुआवजे की प्रक्रिया को तेजी से निपटाया जा रहा है। प्रभावितों को मार्के ट रेट का दोगुना मुआवजा दिया जा रहा है। इसमें जनता की सहूलियत का ख्याल रखा जा रहा है।