हिमाचल दस्तक, मदन हिमाचली। नौणी
जिला सोलन के धर्जा में शनिवार को दो बसों में भिड़त हो गई। यह भिड़त सुबह करीब नौ बजे हुई। इस दौरान करीब 16 लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सोलन क्षेत्रीय अस्पताल पहुचाया गया। जहां पर सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है। हालांकि किसी भी घायल को शिमला या पीजीआई के लिए रेफर नहीं किया गया है। वहीं इस हादसे के समय आसपास रहने वाले लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरु कर दिया। यह भी एक कारण रहा कि सभी घायल फिल्हाल सुरक्षित है।
जानकारी के अनुसार धर्जा में शनिवार सुबह को दो बसें आपस में टकरा गई। इसमें एक निजी बस है तो दूसरी पंजाब रोडवेज की। बताया जा रहा है कि बडू साहिब से निजी बस व सोलन से पंजाब रोड़ वेज की बस बडू साहिब जा रही थी कि अचानक धर्जा के पास दोनों बसें आपस में टकरा गई। इस टक्कर में निजी बस में सवार 16 लोग घायल हो गए। शुरुआती जांच में पाया गया है कि पंजाब रोड वेज की बस गलत दिशा से जा रही थी। इसके चलते यह हादसा हुआ।
वहीं इस हादसे में घायल लोगों को सबसे पहले आसपास रहने वाले लोगों ने देखा। लोगों ने अपने ही स्तर पर बचाव कार्य शुरु कर दिया। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। यहां पर लोगों का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। वहीं इस बारे में स्थानीय लोगों ने पुलिस को भी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस विभाग भी हरकत में आ गया। पुलिस का एक दल तुरंत मौके के लिए रवाना हो गया। वहीं मौके का निरीक्षण करने के लिए सोलन तहसीलदार गुरमीत नेगी भी पहुंचे।
यह बस हादसा क्यों और कैसे हुआ। यह तो आने वाले दिनों में पुलिस की छानबीन में ही पता चलेगा, लेकिन निजी बसों में सवार घायल लोगों का मानना है कि पंजाब से आने वाली बसें तेज रफ्तार होकर गुजरती है। ऐसे में इस प्रकार के सड़क हादसे जिला की सड़कों में लगातार हो रहे है। वहीं बताया जा रहा है कि धर्जा में जहां यह बस हादसा हुआ। वहां सड़क तंग नहीं है। ऐसे में यह बस हादसा कैसे हुआ। यह अब जांच का विषय है।
वहीं, मामले की पुष्टि सोलन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डा. शिव कुमार शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि पुलिस को स्थानीय लोगों द्वारा यह सूचना मिली कि धर्जा के पास दो बसों में टक्कर हुई है। उन्होंने कहा कि फिल्हाल पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज करके छानबीन शुरु कर दी है।
Comments 2