हिमाचल दस्तक ब्यूरो। धर्मशाला
ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए चयनित भारतीय महिला क्रिकेट टीम में हिमाचल की दो बेटियों ने जगह बनाई है। हिमाचल की यह बेटियां टीम इंडिया की ओर से ऑस्ट्रेलिया दौरे में टी-20 मुकाबले में हिस्सा लेंगी। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ ने प्रदेश महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी हरलीन दियोल व रेणुका सिंह का भारतीय महिला वूमन टी-20 टीम में चयन होने पर खुशी जताई है। हरलीन दियोल वर्ष 2019 से भारतीय महिला क्रिकेट टीम में खेल रही हैं, जबकि रेणुका सिंह का पहली बार भारतीय महिला टीम में चयन हुआ है।रेणुका सिंह हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला से संबंधित हैं।
रेणुका ने अपनी प्रारंभिक टे्रनिंग धर्मशाला आवासीय महिला क्रिकेट अकादमी से की है। 2 जनवरी, 1996 को जन्मी रेणुका सिंह ने वर्ष 2011 में अंडर-19 हिमाचल प्रदेश महिला क्रिकेट टीम से अपने करियर की शुरुआत की थी। सत्र 2018-19 में महिला अंडर-23 टी-20 चैलेंजर ट्रॉफी व महिला सीनियर चैलेंजर ट्रॉफी में भाग लिया था। वर्ष 2019 में रेणुका सिंह ने इंडियन बोर्ड प्रेजिडेंट 11 वर्सिस इंग्लैंड महिला टीम के बीच हुए मैच में भाग लिया था।
इसके अतिरिक्त वर्ष 2019-20 में इंडिया-ए टीम के लिए भी रेणुका सिंह का चयन हुआ था, जिसने ऑस्ट्रेलिया-ए टीम के विरुद्ध मैच खेला था। उन्होंने महिला टी-20 चैलेंजर 2019-20 और इंडिया महिला टी-20 सीरीज 2019-20 में भाग लिया था।
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ के निदेशक अरुण सिंह धूमल ने हिमाचल की बेटियों के इंडिया टीम में चयन पर खुशी जाहिर की है।
वहीं हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ के सचिव सुमित शर्मा ने दोनों खिलाडिय़ों के चयन पर खुशी जताते हुए विश्वास जताया कि चयनित खिलाडिय़ों से सीख लेते हुए अन्य खिलाड़ी भी भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए सफल प्रयास करेंगे।