विशेष संवाददाता। शिमला
प्रदेश कांग्रेस, केन्द्र की भाजपा सरकार द्वारा जांच एजेंसियों के दुरुपयोग के विरोध में 21 जुलाई को प्रात: 10:30 बजे छोटा शिमला स्थित ईडी कार्यालय के समक्ष कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के समर्थन में विरोध प्रदर्शन करेगी। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता देवेन्द्र बुशैहरी ने बताया कि इस प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह , नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के अलावा प्रदेश कार्यकारी अध्यक्षों, कांग्रेस पार्टी के सभी विधायक, पूर्व विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष, अग्रणी संगठनों व विभागों के प्रमुख एवं उनके पदाधिकारी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे।
देवेन्द्र बुशैहरी ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों तथा जिला व ब्लाक कांग्रेस के अध्यक्षों व पदाधिकारियों सहित सभी अग्रणी संगठनों व विभागों के प्रमुखों व पदाधिकारियों को इस कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी सभी पदाधिकारियों एवं कांग्रेसजनों से आहवान करती है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के समर्थन में इस महत्वपूर्ण विरोध प्रदर्शन में बढ़ चढ़ कर भाग लें।