साहिल डढवाल। नूरपुर
नूरपुर उपमंडल में एक युवक ने 132 केवी विद्युत टावर पर चढ़कर आत्महत्या कर ली। युवक की पहचान 21 वर्षीय राहुल निवासी भलून के तौर पर हुई है। मिली जानकारी अनुसार राहुल बीते मंगलवार सुबह घर से लापता था। लेकिन बुधवार सुबह उसका शव जसूर के साथ लगते सिनेमा हाल में 132 केवी विद्युत टावर के नीचे पड़ा मिला।
सूत्रों के अनुसार युवक की मौत करंट लगने से हुई है। वहीं शव को सबसे पहले जलशक्ति विभाग के कर्मचारी ने देखा, जब वह पानी के टैंक से सप्लाई देने जा रहा था। कर्मचारी ने देखा कि टावर के नीचे कोई युवक सोया है लेकिन नजदीक जाने पर देखा तो युवक की मृत्यु हो चुकी थी। विभाग के कर्मचारी ने इसकी सूचना नूरपुर पुलिस थाना में दी।
पुलिस ने भी मौके पर पहुंच कर शव कब्जे में लिया और छानबीन शुरू कर दी। नूरपुर थाना प्रभारी कल्याण सिंह ठाकुर ने बताया कि उक्त युवक ने 132 केवी विद्युत टावर पर चढ़कर आत्महत्या की है। प्रथमदृष्टया में युवक की मौत करंट लगने से हुई है। उन्होंने बताया कि युवक का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।