वरिष्ठ संवाददाता, टेकचंद वर्मा, शिमला
हिमाचल प्रदेश में 10 व 11 सितम्बर को फिर से बहुत भारी बारिश होगी। मौसम विज्ञान केन्द्र द्वारा राज्य में उक्त दो दिनों के दौरान बहुत भारी बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में 13 सितम्बर तक मौसम खराब बना रहेगा।
मगर 12 व 13 सितम्बर को राज्य में फिर से मानसून के कमजोर रहने का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है। राज्य में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। प्रदेश में बीते 24 घंटों केदौरान भी मानसून कमजोर बना रहा। राज्य के कुछ ही स्थानों पर बारिश रिकॉर्ड की गई है।
पन्डोह में सबसे ज्यादा 22 मिलीमीटर बारिश हुई है।शिमला के रोहडू में 14, खदराला में 13, रामपुर में 10, राजगढ़ में 7 और बंजार में दो मिलीमीटर बारिश हुई है। इसके अलावा शेष हिमाचल में मौसम शुष्क बना रहा। बारिश कम होने से तापमान में बढोतरी आने लगी है।
प्रदेश में बुधवार को भी दिन भर मौसम खराब बना रहा। दिन के समय धूप खिली रही। हालांकि दोपहर बाद आसमान में काले बादल घिरने शुरू हो गए थे। मगर उक्त अवधि के दौरान एक दो स्थानों पर ही बारिश हुई।मौसम विज्ञान केन्द्र शिमला के निदेशक सुरेन्द्र पाल ने बताया कि प्रदेश में 9 सितम्बर तक मानसून कमजोर रहेगा। 10 व 11 सितम्बर को राज्य में भारी से भारी बारिश होगी। जबकि 12 व 13 को फिर से मानसून की रफ्तार धीमी बनी रहेगी।