बचाव अभियान चलाकर लापता 4 जवान सुरक्षित निकाले,एलओसी पर कुपवाड़ा और बांदीपोरा में हुईं घटनाएं
एजेंसी। श्रीनगर : उत्तरी कश्मीर में एलओसी पर अलग-अलग हुई हिमस्खलन की दो घटनाओं में चार जवान शहीद हो गए हैं। जबकि इसकी चपेट में आकर लापता हुए अन्य चार जवानों को सुरक्षित निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सैन्य सूत्रों ने बताया कि कुपवाड़ा जिले के तंगधार सेक्टर में एलओसी के ईगल पोस्ट पर मंगलवार सुबह आए हिमस्खलन में सेना की दो जाट रेजीमेंट के चार जवान दब गए। सूचना मिलते ही पास की पोस्ट से जवानों को बचाव कार्य के लिए भेजा गया। इसके साथ ही प्रशिक्षित जवानों को भी लगाया गया। हेलिकॉप्टर की भी मदद ली गई। एसएसपी श्रीराम दिनकर ने बताया कि चार जवान हिमस्खलन में दब गए थे। एक का शव मंगलवार रात ही बरामद कर लिया गया है। एक जवान को सुरक्षित निकालकर अस्पताल भेजा गया है। वहीं बुधवार को दो जवानों के शहीद होने की खबर मिली।
इस हिमस्खलन में तीन जवान शहीद हो गए। वहीं बांदीपोरा जिले के गुरेज सेक्टर के बख्तूर इलाके में बर्फीले तूफान की चपेट में आने से चार जवान गहरी खाई में गिरकर लापता हो गए। सूचना मिलते ही बचाव कार्य शुरू किया गया। इस दौरान तीन जवानों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि एक जवान शहीद हो गया है। बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। इससे पहले नवंबर में सियाचिन ग्लेशियर में आए हिमस्खलन में चार जवान शहीद हो गए थे। दो पोर्टरों की भी मौत हुई थी। बाद में हुई अन्य घटना में दो सैनिक शहीद हो गए थे।
नवंबर में ही हिमस्खलन की तीन घटनाएं
30 नवंबर, 2019
सियाचिन ग्लेशियर में भारी हिमस्खलन में सेना की पेट्रोलिंग पार्टी के दो जवान शहीद
18 नवंबर, 2019
सियाचिन में हिमस्खलन की
चपेट में आकर चार जवान शहीद, दो पोर्टर भी मारे गए
10 नवंबर, 2019
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में हिमस्खलन की चपेट में आकर सेना के दो पोर्टरों की मौत