नालागढ़ : प्रदेश के जिला सोलन के उपमंडल नालागढ़ में बाहरी राज्यों से तबीलीगी जमात के लिए आए 43 लोगों का मंगलवार को खुलासा हुआ है। ये लोग पिछले दो सप्ताह पहले औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-नालागढ़ के विभिन्न मस्जिदों में धार्मिक प्रचार के लिए घूम रहे थे। अब जाकर प्रशासन को सूचना मिली है, जिसके बाद तुरंत पुलिस व स्थानीय प्रशासन की टीम पहुंची।
जानकारी के अऩुसार यह लोग 18 मार्च को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से आए थे, जो कि कई दिनों के विभिन्न मस्जिदों में रह रहे थे। बीते सोमवार को दिल्ली निजामुद्दीन तबलीगी मरकज में बाहरी देशों से आए सैकड़ों लोगों की सूचना मिलने के बाद जिला बद्दी पुलिस ने भी अलर्ट जारी करते हुए विभिन्न मस्जिदों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में विभिन्न मस्जिदों में करीब 43 लोग पाए गए जो कि बाहरी राज्यों से दो सप्ताह पहले आए थे, इसमें 17 के करीब लोग रामशहर मार्ग पर मरकज में पाए गए। पुलिस ने सभी लोगों को एकत्रित करते हुए 14 दिन के क्वारंटाइन में रख दिया है, जिनके स्वास्थ्य की जांच की जा रही है।
इऩ लोगों को रखने के लिए तुरंत क्वारंटाइन सेंटर का इंतजाम किया गया, जहां पर अब ये सभी लोग डॉक्टरों की निगरानी में है, हालांकि अभी तक किसी भी व्यक्ति में कोई ऐसा लक्षण नहीं पाया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल करवाया जा रहा है, ताकि कोई अगर संदिग्ध हो तो उसे तुरंत भर्ती किया जाए। डीएसपी नालागढ़ चमन लाल ने बताया कि विभिन्न मस्जिदों में 43 लोग तबलीगी जमात में नालागढ़ पहुंचे थे, जिन्हें अब क्वारंटाइन में रख लिया गया है। मरकज में ही तुरंत क्वारंटाइन सेंटर बनाया गया, जहां अब यह लोग स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में है।