विशेष संवाददाता। शिमला
राष्ट्रपति पद के लिए सोमवार को मतदान हुआ। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में चुने हुए नुमाइंदों ने मतदान किया। भाजपा व उनके दो समर्थक निर्दलीयों ने एनडीए की प्रत्याशी द्रोपदी मुर्मू के लिए मतदान किया तो वहीं कांग्रेस ने यशवंत सिन्हा के लिए अपना मत दिया। मंडी से लोकसभा सांसद प्रतिभा सिंह ने भी शिमला में ही मतदान किया जबकि शेष लोकसभा व राज्यसभा सांसदों ने दिल्ली में मतदान में हिस्सा लिया।
बता दें कि भाजपा के प्रदेश में 43 विधायक हैं और इनके साथ दो निर्दलीय विधायक भी हैं। अभी तक निर्दलीय विधायकों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है हालांकि उन्होंने भाजपा ज्वाइन कर ली है। वहीं कांग्रेस के सदन में 22 विधायक हैं जबकि सीपीआईएम का एक विधायक है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यहां मतदान के बाद अनौपचारिक बातचीत में कहा कि एनडीए की प्रत्याशी द्रोपदी मुर्मू का पलड़ा भारी है और वही देश की राष्ट्रपति बनेंगी। उन्होंने कहा कि मुर्मू की जीत सुनिश्चित है। एनडीए ने एक आदिवासी महिला को अपना उम्मीदवार बनाया है। उन्हें पूरी उम्मीद है कि वह भारी मतों से विजयी होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति के चुनाव की प्रक्रिया बिल्कुल गुप्त रहती है, ऐसे में सभी ने अंतरात्मा से वोट किया होगा।
कांग्रेस पार्टी ने भी अपने उम्मीदवार यशवंत सिन्हा की जीत का दावा किया। विपक्ष ने यहां कहा कि जब राष्ट्रपति पद का चुनाव बेलेट पेपर से हो सकता है तो लोकसभा व विधानसभा के चुनाव भी ऐसे ही होने चाहिएं। कांग्र्रेस नेता राम लाल ठाकुर ने कहा कि भाजपा ईवीएम के सहारे चुनाव जीत रही है।
बेलेट पेपर से मतदान की प्रक्रिया में क्रॉस वोटिंग का खतरा रहता है। किसी भी दल का प्रत्याशी अपने पसंदीदा व्यक्ति को मत दे सकता है और इन्हीं संभावनाओं से इन्कार नहीं किया जा सकता। ऐसे में राष्ट्रपति पद के लिए मतदान हो गया है और अब चुनाव नतीजे बताएंगे कि किसको कितने वोट हासिल हुए हैं। राष्ट्रपति चुनाव में प्रदेश के एक विधायक की वोट वैल्यू 51 है। इस हिसाब से राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू को हिमाचल से भाजपा के 43 विधायकों के 2193 वोट मिलेंगे वहीं दो निर्दलीय विधायकों के भी द्रौपदी मुर्म के पक्ष में मतदान करने की स्थिति में उन्हें मिलने वाले मतों की संख्या 2295 होगी। कांग्रेस द्वारा विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के पक्ष में मतदान करने की स्थिति में उन्हें हिमाचल से कांग्रेस के 1122 वोट मिलेंगे।