मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर के पड्डल वार्ड में सोमवार रात अचानक पहाड़ी से भारी मलबा और पत्थर गिरने लगे। इससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया और कई घर खतरे की जद में आ गए। प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रभावित परिवारों को तुरंत घर खाली करवाने के आदेश दिए।
वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से पहाड़ी से लगातार पत्थर और मिट्टी खिसक रही थी। सोमवार रात हुए तेज धमाके ने स्थिति और भयावह बना दी। मलबा गिरने से एक घर की छत पूरी तरह दब गई है, जबकि अब भी बड़ी चट्टानों के गिरने का खतरा बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन और सरकार से स्थायी समाधान की मांग की है।
गंदे पानी की समस्या ने बढ़ाई मुसीबत
प्रभावित परिवारों की परेशानी केवल भूस्खलन तक सीमित नहीं है। लोगों ने बताया कि लंबे समय से उनके घरों में सिवरेज का गंदा पानी रिस रहा है। यह पानी बदबू फैलाने के साथ ही घरों को असुरक्षित बना रहा है। उन्होंने कई बार नगर निगम और प्रशासन से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
धमाके से दहशत, लोग घरों से भागे
सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे हुए भूस्खलन के दौरान तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। धमाका इतना जोरदार था कि खतरे वाले घरों के लोग तुरंत सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। घबराहट में पूरे मोहल्ले के लोग भी घरों से बाहर निकल आए और पूरी रात दहशत का माहौल बना रहा।
हालांकि, नगर निगम, प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सभी प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया। स्थानीय निवासी प्रवीण शर्मा ने बताया कि खतरा केवल कुछ घरों तक सीमित था, लेकिन दहशत में पूरे क्षेत्र के लोग घर छोड़कर बाहर निकल आए।