सोलन, 13 अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से एक बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई है, जहां एक निजी बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा जिले के जोबी गांव के पास पेश आया। बताया जा रहा है कि बस में 30 से 35 लोग सवार थे, जो पास के ही गांव में शादी की मिलनी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
बस के खाई में गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। बस में कई महिलाएं भी सवार थीं। हादसे में बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
25 लोग घायल, सभी को AIIMS कोठिपुरा भेजा गया
गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, हालांकि 25 यात्री घायल हुए हैं। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद AIIMS कोठिपुरा रेफर किया गया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई हैं।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही बिलासपुर जिले के बरठीं क्षेत्र में हुए दर्दनाक बस हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई थी। उस घटना में पहाड़ी से अचानक गिरे मलबे ने बस को अपनी चपेट में ले लिया था, जिससे बस के परखच्चे उड़ गए थे।