शिमला, 13 नवंबर। उपमंडल रामपुर के नोगली बाजार में बीती रात एक तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी ने सड़क किनारे खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार में सवार चार बहनें घायल हो गईं, जबकि कार के आगे खड़ी थार गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर मारने के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसे लेकर शिकायत शीला देवी पत्नी बलराज निवासी गांव वासी, डाकघर पोषणा, तहसील निरमंड, जिला कुल्लू (उम्र 36 वर्ष) ने दर्ज करवाई है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह अपनी तीन बहनों के साथ सैंज से रामपुर की ओर आ रही थी। लगभग रात 1 बजकर 30 मिनट पर जब वे नोगली बाजार पहुंचीं, तो उन्होंने अपनी गाड़ी गैलेंजा (अस्थायी नंबर T0325HP37387) सड़क के बाईं ओर खड़ी कर दी। उनकी कार के आगे एक लाल रंग की थार (HP92A-7772) भी खड़ी थी।
इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक सफेद बोलेरो (नंबर HP92-8889) ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गैलेंजा कार आगे खड़ी थार से टकरा गई और सड़क के दाईं ओर जा पहुंची। हादसे में चारों बहनें घायल हो गईं जबकि कार के आगे और पीछे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
शिकायत के अनुसार हादसे के बाद बोलेरो चालक कुछ क्षण के लिए रुका और फिर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
इस हादसे को लेकर पुलिस ने रामपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) एवं 187 मोटर वाहन अधिनियम में केस दर्ज किया है। पुलिस ने फरार बोलेरो चालक की तलाश शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।