हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में आपराधिक मामलों में तेजी देखी जा रही है। आलम यह है कि शहर तो दूर अब गांव तक अपराधी लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। ताजा मामला हमीरपुर जिला के सासन गांव का है। जहां खेत में काम कर रही एक महिला पर किसी अज्ञात ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में महिला बुरी तरह जख्मी हो गई। कुछ देर बाद महिला को खून से लथपथ हालत में खेतों में बेहोश पड़ा देखा तो दौड़कर उसके पास पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। वहीं, महिला को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में भर्ती कराया गया। जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। वहीं, मामले में पुलिस अज्ञात आरोपी को तलाशने में जुट गई है।
एएसपी हमीरपुर राजेश शर्मा ने कहा, ‘अज्ञात हमलावर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में हमले के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने हमलावर की पहचान और हमले की वजहों का पता लगाने के लिए एक विशेष टीम गठित की है। टीम गांव और आसपास के इलाकों में संभावित संदिग्धों की तलाश कर रही है’।
खेतों में घास काट रही महिला पर जानलेवा हमला
पुलिस से जानकारी के अनुसार, सासन गांव की रंजना (40) सोमवार को अपने खेतों में घास काटने गई हुई थी। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने अचानक उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गई और मौके पर ही बेहोश होकर गिर गई।
कुछ समय बाद स्थानीय लोग खेतों की ओर पहुंचे तो उन्होंने रंजना को गंभीर हालत में खून से लथपथ पड़ा देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी और महिला को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद, उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास से साक्ष्य जुटाए और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के चिकित्सकों के अनुसार, रंजना की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद से गांव में डर का माहौल
वहीं, इस घटना के बाद गांव में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास इस घटना से संबंधित कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को अवगत कराए, ताकि मामले को जल्द सुलझाया जा सके।