जिला ऊना के थाना अंब के तहत गगरेट के एक युवक से विदेश भेजने के नाम पर करीब साढ़े तीन लाख रुपये की ठगी हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मनोज कुमार निवासी गगरेट ने बताया कि विशाल निवासी चढ़तगढ़ और अनिल कुमार निवासी हाजीपुर, पंजाब दोनों ने उसे विदेश में नौकरी दिलवाने का झांसा देकर पहले 1.60 लाख लिए और बाद में टिकट व वीजा देने के नाम पर 1.80 लाख और ऐंठ लिए। कुल मिलाकर 3.40 लाख रुपये हड़पने के बाद आरोपी लगातार उसे टालते रहे। जब युवक ने दुबई और किर्गिस्तान की टिकट की वैधता की जांच की, तो पता चला कि टिकट फर्जी है और वीजा भी अमान्य है।
शिकायत के अनुसार आरोपी विशाल का अंब में कार्यालय है। विशाल ने अनिल कुमार के साथ मिलकर पहले यह विश्वास दिलाया कि उनका विदेश भेजने का कारोबार है और जल्द ही उसे नौकरी पर लगवा देंगे। टिकट और वीजा देने के बाद जब मनोज ने यात्रा की पुष्टि करनी चाही, तो सामने आया कि टिकट का कोई रिकॉर्ड ही नहीं है। जब उसने इस बारे में पूछताछ की तो आरोपी उसे लगातार टालते रहे और बाद में धमकियां देने लगे।
पीडि़त ने बताया कि उसने यह रकम बैंक से ऋण लेकर और रिश्तेदारों से उधार लेकर दी थी। मनोज ने इस बाबत पहले थाना अंब में शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उधर, पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर पंजाब व चढ़तगढ़ के युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।