सुंदरनगर। सुंदरनगर में 22 वर्षीय युवती ने एक युवक द्वारा लगातार दी जा रही मानसिक प्रताडऩा से तंग आकर देर शाम आत्महत्या कर ली। पुलिस थाना सुंदरनगर में मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, पिता किशोर चंद निवासी गांव रोपा डाकघर भोजपुर तहसील सुंदरनगर ने बताया कि उसकी पुत्री हाल ही में बीएससी नर्सिंग कर चुकी थी और इन दिनों प्रशिक्षण ले रही थी। परिवार की उम्मीदों का केंद्र बनी यह बेटी अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ रही थी, लेकिन मानसिक तनाव से जूझ रही थी। परिजनों के अनुसार युवती ने कुछ दिन पहले बताया था कि चंडीगढ़ निवासी युवक उसे लगातार फोन कर परेशान कर रहा था और मिलने के लिए दबाव बना रहा था। युवती उससे कोई संपर्क नहीं रखना चाहती थी, लेकिन लगातार हो रही इस प्रताडऩा ने उसके मन को गहराई तक आहत कर दिया।
बताया जा रहा है कि 4 अप्रैल को भी आरोपी ने उसे कई बार कॉल कर मिलने के लिए मजबूर करने की कोशिश की। इस निरंतर मानसिक दबाव ने होनहार बेटी के आत्मविश्वास को इस कदर तोड़ दिया कि उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।







