बिलासपुर । जिला बिलासपुर की झंडूता विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत झबोला के गांव तांबड़ी निवासी अभिषेक शर्मा ने भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट बनकर न केवल अपने परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र, बल्कि प्रदेश का नाम भी रोशन किया है।

जानकारी के अनुसार अभिषेक शर्मा इसी माह 6 जून को अपने पैतृक गांव झबोला पहुंच रहे हैं। उनके घर आगमन पर क्षेत्रवासियों द्वारा भव्य स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं। अभिषेक शर्मा के पिता पवन कुमार ट्रक चालक हैं, जबकि माता मीना देवी गृहिणी हैं। उनका छोटा भाई भी भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे रहा है। साधारण परिवार से संबंध रखने वाले अभिषेक शर्मा ने मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।
अभिषेक शर्मा वर्ष 2017 में भारतीय नौसेना में हुए थे भर्ती
काबिलेगौर है कि अभिषेक शर्मा वर्ष 2017 में भारतीय नौसेना में भर्ती हुए थे। उन्होंने अपनी यूनिट में शारीरिक प्रशिक्षक के रूप में भी सेवाएं प्रदान कीं। नौसेना में रहते हुए उन्होंने अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया और निरंतर आत्मविकास की दिशा में प्रयासरत रहे। उन्होंने वर्ष 2021 में अधिकारी रैंक के लिए परीक्षा दी। कड़ी मेहनत और समर्पण के परिणामस्वरूप उन्होंने भारतीय नौसेना अकादमी से सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण किया और पासिंग आऊट के बाद सब लेफ्टिनेंट का पद प्राप्त किया।

भारतीय नौसेना की वर्दी पहनकर मातृभूमि की सेवा करना सबसे बड़ा सम्मान
अभिषेक शर्मा ने अपनी सफलता पर का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय नौसेना की वर्दी पहनकर मातृभूमि की सेवा करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है।








