नई दिल्ली। जब हम नई कार या बाइक खरीदने जाते हैं तो सेल्समैन अक्सर ABS (Anti lock Braking System) का जिक्र जरूर करता है। लेकिन यह छोटा सा दिखने वाला फीचर कैसे आपकी जान बचाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाता है, आइए जानते हैं। आसान शब्दों में कहें तो ABS एक सुरक्षा कवच है जो अचानक ब्रेक लगाने पर आपकी गाड़ी के पहियों को लॉक या जाम होने से रोकता है।

पुराने समय की गाड़ियों में जब आप जोर से ब्रेक मारते थे तो पहिए तुरंत घूमना बंद कर देते थे और गाड़ी सड़क पर फिसलने लगती थी। ABS इन पहियों को पूरी तरह जाम नहीं होने देता बल्कि उन्हें बहुत तेजी से छोड़ता और पकड़ता है जिससे गाड़ी रुकने के दौरान फिसलती नहीं है।
कैसे काम करता है ABS
हर पहिए पर एक सेंसर लगा होता है जो यह देखता है कि पहिया कितनी तेजी से घूम रहा है। जैसे ही आप अचानक ब्रेक मारते हैं और सेंसर को लगता है कि पहिया अब रुकने वाला है वह तुरंत गाड़ी के कंप्यूटर ECU को सिग्नल भेजता है। ECU पलक झपकते ही ब्रेक के दबाव को कम और ज्यादा करने लगता है। यह प्रक्रिया एक सेकंड में 15 से 20 बार होती है।
स्टीयरिंग पर कंट्रोल
अगर गाड़ी के पहिए लॉक हो जाएं को आप स्टीयरिंग को कितना भी घुमा लें गाड़ी नहीं मुड़ेगी और सीधी जाकर सामने वाली चीज से टकरा जाएगी। ABS पहियों को थोड़ा-थोड़ा घुमाता रहता है जिससे आप ब्रेक लगाने के साथ-साथ गाड़ी को मोड़ भी सकते हैं। हालांकि, ABS बहुत ही पावरफुल है लेकिन यह फिजिक्स के नियमों को नहीं बदल सकता। बहुत ज्यादा गीली सड़क होने पर ABS भी फेल हो सकता है इसलिए हमेशा सुरक्षित स्पीड बनाए रखें।










