वरिष्ठ संवाददाता, शिमला
प्रदेश में कोरोना संक्रमण दर 11 फीसदी पार चल रही है। शनिवार को भी राज्य की पॉजिटिविटी रेट 11.62 प्रतिशत रही। एक्टिव मरीज हिमाचल में 2310 हो गए हैं। कांगड़ा और चंबा की स्थिति खराब होती जा रही है। यहां पर एक्टिव मरीज 400 पार हो गए हैं। इसी तरह अन्य जिलों में भी एक्टिव मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। पिछले तीन दिनों से हिमाचल में संक्रमण दर 11 फीसदी से ज्यादा चल रही है।
शनिवार को हिमाचल में कोरोना संक्रमण जांच को 3682 लोगों के सैंपल लिए गए। इनमें से 428 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिससे संक्रमण दर 11.62 फीसदी रहा है। एक्टिव मरीज अब 2310 हो गए हैं। वहीं, मंडी में 75 साल के बुजुर्ग ने संक्रमण से दम तोड़ा है। पिछले दो दिनों में हिमाचल में कोरोना से 3 मरीजों की मौत हो चुकी है। चंबा में 2 और मंडी में 1 की मौत हुई है।
कांगड़ा, चंबा की स्थिति खराब, बढ़ रहे मरीज
कांगड़ा में एक्टिव मरीजों की संख्या 557 हो गई है। चंबा 419 और शिमला में 308 एक्टिव मरीज हो गए हैं। मंडी में भी एक्टिव मरीज 244 हो गए हैं। हिमाचल में लगातार कोविड मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। हिमाचल सरकार और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ती जा रही है। मरीजों के बढऩे के साथ अस्पतालों में भर्ती होने वाले मरीजों का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है।