शिमला में राज्यपाल बंडारू ने किया सम्मानित
हिमाचल दस्तक, अजय शर्मा। बंगाणा
उमपंडल बंगाणा की अदिति चंदेल ने बैचलर डिग्री इन मास कम्युनिकेशन में स्वर्ण पदक हासिल कर जिला ही बल्कि राज्य का भी नाम रोशन किया है। एपी गोयल युनिवर्सिटी शिमला से बैचलर डिग्री में गोल्ड मेडल हासिल करने पर अदिति को प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने शिमला में आयोजित कार्यक्रम में डिग्री व मेडल देकर सम्मनित किया। शिक्षा क्षेत्र में गोल्ड मेडल प्राप्त करने पर कॉलेज व परिजनों से अदिती को शुभकामनाएं और सम्मान मिल रहा है।
बंगाणा के तहत पड़ते गांव कैहलवीं की रहने वाली अदिति ने अपनी स्कूली शिक्षा देहरादून से प्राप्त की है। अदिति के पिता बलबीर चंद शास्त्री पेशे से अध्यापक हैं और माता मीनाक्षी कपूर गृहणी हैं। अदिति ने बताया कि चार बहनों में वो सबसे बड़ी है। अदिती ने कहा कि उनकी अथक मेहनत, परिश्रम, मातापिता के सहयोग व विश्वविद्यालय प्रशासन तथा अध्यापकों के उचित मार्गदर्शन से ही यह उपलब्धि उन्हें प्राप्त हुई है।
अदिति ने कहा कि वह मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त करने के पश्चात टीवी एंकर बनना चाहती है। पिता बलवीर चंद शास्त्री ने बताया कि अदिती पढ़ाई में पहले से ही मेहनती है। उन्होंने कहा कि अदिती ने शिक्षा के क्षेत्र में गोल्ड मैडल हासिल कर हमारा, हमारे गांव, जिला व प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि आगे भी अदिती इसी तरह से मेहनत करती रहे उनकी शुभकामनाएं व सहयोग हमेशा साथ रहेगा।
बधाइयों का लगा तांता
जिला परिषद बंगाणा इंदु बाला ने कहा कि अदिती एक होनहार विद्यार्थी है। बैचलर डिग्री में गोल्ड मैडल प्राप्त कर अदिती ने अपने माता पिता, गांव, जिला व प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि लड़कियां हर क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन कर स्वयं को सक्षम व सामर्थवान साबित कर रही हैं। उन्होंने अदिती को शुभकामनाएं दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
स्थानीय प्रधान शकुंतला देवी ने कहा कि अदिती की इस उपलब्धि से उसे पूरे परिवार ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। उन्होंने बताया कि अदिती को प्रदेश के राज्यपाल से सम्मान मिलने पर पूरे गांव को उस पर गर्व है। प्रधान लठयानी सत्या देवी, उपप्रधान जोगिंद्र कुमार, प्रधान वीना देवी, रीता देवी, व्यापारमंडल बंगाणा विजय शर्मा, किसान मोर्चा अध्यक्ष राजेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से अदिती को उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।