मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने साफ शब्दों में कहा है कि डाक्टरों को हरेक अस्पताल में सेवाएं देनी होंगी। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेजों के लिए डाक्टरों का अलग कॉडर बनाया जा रहा है। नेरचौक मेडिकल कॉलेज की तरह दूसरे मेडिकल कॉलेज से भी डाक्टरों के तबादले होंगे जिनके जिलों, जोनल अस्पतालों व पीएचसी में जहां जरूरत होगी लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नेरचौक मेडिकल कॉलेज से जो डाक्टर बदले हैं उनको मंडी जिला में ही दूसरे अस्पतालों में लगाया गया है।
यहां एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का निदेशालय भी अलग कर दिया गया है इसी तरह से मेडिकल कॉलेज का कॉडर भी अलग किया जा रहा है। मेडिकल कॉलेजों के लिए सरकार अलग से स्टाफ देगी मगर अभी यहां पर कार्यरत डाक्टरों को अन्य खाली पड़े अस्पतालों में अपनी सेवाएं देनी होंगी।
पूर्व सरकार मशीनें खरीदकर प्राइवेट को देती थीं काम
सीएम ने कहा कि पूर्व सरकार तो सरकारी अस्पतालों में मशीनें खरीदने के बाद प्राइवेट को उसे चलाने के लिए दे देती थी। नेरचौक में पूर्व सरकार ने ऐसा ही किया ताकि अपने लोगों को लाभ पहुंचाया जा सके। मगर वर्तमान सरकार इस तरह के फैसले नहीं लेती और सरकार का हरेक फैसला आम जनता के हित में है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने तीन वर्ष के कार्यकाल में भ्रष्टाचार के दरवाजे बंद कर दिए हैं और इन दरवाजों के बंद होने से हिमाचल आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि मंडी जिला में सरकार का तीन साल का जश्र होगा और वहां पर बताएंगे कि तीन साल में सरकार ने क्या कुछ किया। किस तरह से हिमाचल के हक में फैसले लिए गए।
बाल दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद सीएम ने कहा कि सरकार बनने के पहले ही दिन वह बाल आश्रम में गए थे और वहां के बच्चों की पीढ़ा को उन्होंने जाना था। तभी फैसला लिया था कि इन बच्चों का भी हिमाचल की संपदा पर अधिकार है। इसलिए सरकार ने मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना शुरू की और उसके लिए एक कानून बनाया। अब इन बच्चों की माता व पिता सरकार है जो 27 साल तक उनकी देखरेख करती है। उन्होंने कहा कि बाल आश्रमों में रहने वाले बच्चों के लिए स्पोर्टस डे मनाने को कहा है जिसकी शुरूआत आज से हुई है। तीनों दिनों तक शिमला में एक विशेष अभियान चलाया जाएगा।
सोलन और चंबा में क्या हो रहा वहां नैतिकता देखे भाजपा
भाजपा नेताओं द्वारा नैतिकता को लेकर दिए बयानों पर सीएम ने एक सवाल के जवाब में कहा कि नैतिकता भाजपा को देखनी चाहिए कि उनके यहां पर सोलन में और चंबा में क्या हो रहा है। उसे देखने के बाद भाजपा के नेताओं को नैतिकता का पाठ पढ़ाना चाहिए। सरकार ने तीन साल में हिमाचल के लिए काम किया है और तीन साल का जश्र मनाते हुए सरकार इसके बारे में बताएगी।