कांगड़ा। कांगड़ा और चंबा जिले के युवाओं के सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर ने भर्ती वर्ष 2026 के तहत अग्निवीर भर्ती रैली के लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। यह भर्ती अग्निवीर जनरल ड्यूटी, टैक्निकल, क्लर्क/स्टोर कीपर टैक्निकल और ट्रेड्समैन (10वीं व 8वीं पास) श्रेणियों के लिए आयोजित की जा रही है।

भर्ती निदेशक कर्नल विशाल शाह ने बताया कि सभी योग्य अभ्यर्थी 21 जुलाई से भारतीय सेना की आधिकारिक वैबसाइट पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाऊनलोड कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी उम्मीदवार को प्रवेश पत्र डाऊनलोड करने में कोई तकनीकी परेशानी आती है, तो वह तुरंत सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर से ई-मेल या दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर समाधान पा सकता है।
धर्मशाला में 1 अगस्त से होगा ग्राऊंड टैस्ट
अधिकतर श्रेणियों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा का आगाज 1 अगस्त से होगा। यह परीक्षण यूथ सर्विसेज एवं एचपी स्पोर्ट्स सिंथैटिक ट्रैक धर्मशाला में आयोजित किया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने एडमिट कार्ड पर अंकित निर्धारित तिथि और समय के अनुसार ही परीक्षा स्थल पर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएं। देरी से आने वालों को प्रवेश नहीं मिलेगा।
क्लर्क श्रेणी की भर्ती हमीरपुर में
क्लर्क श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए ग्राऊंड टैस्ट का स्थान और शैड्यूल अलग रखा गया है। कांगड़ा और चंबा जिले के जिन युवाओं ने अग्निवीर क्लर्क, अग्निवीर क्लर्क जीडी, अग्निवीर क्लर्क टैक और अग्निवीर क्लर्क ट्रेड्समैन (10वीं पास) के लिए आवेदन किया है, उनका ग्राऊंड टैस्ट 2 और 3 अक्तूबर 2026 को अणु सिंथैटिक ट्रैक हमीरपुर में आयोजित किया जाएगा।
भर्ती रैली में इन दस्तावेजों के साथ आए युवा
सेना कार्यालय ने रैली में आने वाले युवाओं के लिए दस्तावेजों को लेकर सख्त हिदायत जारी की है। परीक्षा स्थल पर अभ्यर्थियों को अपने साथ मूल शैक्षणिक दस्तावेज, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एडमिट कार्ड और अन्य वैध पहचान पत्र लाना अनिवार्य है। कर्नल विशाल शाह ने विशेष रूप से कहा कि सभी उम्मीदवार अपने साथ इंडेम्निटी बॉन्ड (क्षतिपूर्ति बॉन्ड) अवश्य लेकर आएं।








