शिमला। राजधानी शिमला शहर में चोरी की एक और वारदात सामने आई है। नगर निगम के स्टोर से अज्ञात चोर तांबे और लोहे की रेलिंग चुरा ले गए। घटना के बाद निगम प्रशासन में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं इस चोरी ने नगर निगम की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
चोर पहले वाहनों की बैटरी उड़ा रहे थे लेकिन अब रोड साइड लगी रेलिंग के चैनल खोलकर गायब कर रहे हैं। इसके वारी अलावा तांबे की तारों समेत अन्य दान सामान गायब किया जा रहा है।
स्मार्ट सिटी के तहत जो प्रोजेक्ट बनाए गए हैं उसका सामान भी गायब होना शुरू हो गया है। हाल ही में खलीणी में स्थानीय लोगों ने एक प्रवासी मजदूर को चोरी करते हुए पकड़ा। इस दौरान उसके साथ एक और साथी भी शामिल था जो भाग गया है। स्थानीय पार्षद चमन प्रकाश ने मामले की सूचना पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचे और आगामी जांच की जा रही है।
शहर में इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए स्थानीय थाने की पुलिस के साथ संपर्क किया जाएगा। कोई भी अंजान व्यक्ति अगर शाम के समय वार्ड के आसपास काफी समय तक नजर आता है तो उसकी जानकारी भी स्थानीय थाने में दे सकते हैं। वार्डों में नाइट पैट्रोलिंग पर काम करने के निर्देश दिए जाएंगे। – सुरेंद्र चौहान, मेयर नगर निगम शिमला ।
दावे के बावजूद भी नहीं लगे सीसीटीवी
शहर में सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए पार्षदों ने नगर निगम की मासिक बैठक में सीसीटीवी लगाने की मांग कर रहे थे। निगम ने बैठक में जिला पुलिस के साथ मिलकर सीसीटीवी लगाने का आश्वासन भी दिया था लेकिन दो साल बीत जाने के बाद शहर के कुछ एक एरिया में रोड साइड के साथ तो कैमरे लगाए गए हैं लेकिन बाकी जगहों पर कैमरे अभी तक नहीं लग पाए हैं।
लिहाजा शहर में चोर गिरोह के हौसले बुलंद हैं। हालांकि इन सीसीटीवी को लेकर हर वार्ड के पार्षद मांग कर रहे हैं और हाउस में भी कई बार इसको लेकर प्रस्ताव पास हो गए हैं। लेकिन अभी तक पूरे शहर में सीसीटीवी नहीं लगाए गए हैं।
पुलिस को रात में बढ़ानी चाहिए गश्त
पार्षद चमन प्रकाश का कहना है ऐसा नहीं है कि पहली बार उनके वार्ड में सामान चोरी हुआ है बल्कि इससे पहले भी कई बार रोड साइड निर्माण कार्य के लिए आया मैटेरियल और अन्य सामान गायब हो गया है। अकेले खलीणी वार्ड में ही नहीं बल्कि दूसरे वार्डों में भी चोरी की घटनाएं निरंतर पेश आ रही है। पुलिस को रात में गश्त बढ़ानी चाहिए ताकि चोरी की वारदातों पर अंकुश लग सके।
कई बड़ी वारदातों को दे चुके हैं अंजाम
शहर में चोर गिरोह किसी छोटी-मोटी घटनाओं को नहीं बल्कि बड़ी वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। गुम्मा में 30 क्विंटल तांबे और कांसे का कबाड़ चोरी हो गया था। स्टोर की दीवार तोडक़र यह कबाड़ चोरी हुआ था। जिसका पता आज तक नहीं चल पाया है। इतना ही नहीं नगर निगम को भी इसकी जानकारी समय से नहीं मिल सकी। इस मामले में पुलिस के हाथ भी कोई कामयाबी नहीं लगी। इसके अलावा शहर के संजौली, भट्टाकुफर, समरहिल, बालूगंज, खलीनी, टॉलैंड समेत अन्य एरिया से चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। इतना ही नहीं लोगों के घरों से ज्वैलरी और कैश पर भी शातिर हाथ साफ कर चुके हैं।