गश्त के दौरान वन विभाग की टीम ने की कार्रवाई, मामला दर्ज
अंब। वन संपदा की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे विशेष निगरानी अभियान के तहत अंब वन परिक्षेत्र की गश्ती टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित लकड़ी लेकर जा रहे दो वाहनों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। अंब पुलिस ने वन विभाग की शिकायत पर वाहन चालकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बुधवार शाम को अंब रेंज की टीम नियमित गश्त एवं निगरानी कार्य पर निकली हुई थी।

इसी दौरान शाम अंब चौक के समीप टीम को दो वाहन संदिग्ध परिस्थितियों में आते दिखाई दिए। संदेह होने पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जांच के लिए रोका। जब वाहनों की तलाशी ली गई तो उनमें बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित लकड़ी लदी हुई पाई गई। वन अधिकारियों ने मौके पर मौजूद वाहन चालकों में अमित कुमार निवासी अमलैहड़ व सुनील कुमार निवासी जसूर, हमीरपुर से लकड़ी के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन चालक किसी भी प्रकार का अनुमति पत्र, परिवहन चालान अथवा अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। दस्तावेजों के अभाव में वन विभाग ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय अंब पहुंचाया और आगे की कार्रवाई शुरू की।
वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू
जिला वन अधिकारी ऊना विकल्प यादव ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला प्रतिबंधित प्रजाति की लकड़ी के अवैध परिवहन से जुड़ा प्रतीत होता है। इसके मद्देनजर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना अंब में एफआईआर दर्ज करवाई गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि लकड़ी कहां से काटी गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि किसी बड़े तस्करी नेटवर्क या अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







