अमृतसर। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सात आधुनिक पिस्तौल बरामद करके सरहद पार से हथियारों की तस्करी के मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक नाबालिग समेत चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने बताया कि अमृतसर के गांव लधेवाल निवासी गुरविंद्र सिंह (32), जॉबनबीर सिंह (23), तरनतारन के गांव भूसे निवासी लवप्रीत सिंह और एक 16 वर्षीय नाबालिग को गिरफतार किया गया है। इनसे 7 पिस्तौल तथा 12 जिंदा कारतूस हैं। पुलिस टीमों ने मुलजिमों का मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि उक्त मुलजिम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से पाकिस्तानी तस्करों के संपर्क में थे। पुलिस कमिश्नर (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह ने कहा कि गुरविंदर , जॉबनबीर और लवप्रीत को छह पिस्तौलों सहित गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने कहा कि छापेमारी के दौरान उनका चौथा साथी मौके से भागने में कामयाब रहा, जिसके बाद पुलिस टीमों ने अपनी तलाश जारी रखी और तेजी से कार्रवाई करते हुए अगले दिन उक्त नाबालिग आरोपी को एक पिस्तौल सहित गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि गुरविंदर और लवप्रीत के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। साथ ही नाबालिग के खिलाफ अमृतसर देहाती के पुलिस थाना घरिंडा में असला एक्ट के तहत पहले भी एक आपराधिक मामला दर्ज है, जिसमें उसके पास से तीन पिस्तौल बरामद की गई थीं।









