बरामद किए गए ग्रेनेड से सरकारी संस्थानों को निशाना बनाने की थी साजिश
चंडीगढ़ । काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) समर्थित मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है।विदेशी हैंडलरों के दो गुर्गों को गिरफ्तार करके उनके पास से दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए हैं।

पुलिस महानिदेशक पंजाब गौरव यादव ने मंगलवार काे बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान अजनाला, अमृतसर के बाजीगर मोहल्ला निवासी अजय तथा फत्तेवाल कलां निवासी जोधबीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने हैंड ग्रेनेड बरामद करने के अलावा उनकी काले रंग की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि बरामद किए गए ग्रेनेड एक बड़ी साजिश का हिस्सा थे, जिनका उद्देश्य सरकारी संस्थानों एवं बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर पंजाब की शांति और कानून व्यवस्था को भंग करना था।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि विदेशी हैंडलरों ने अपने साथियों को हैंड ग्रेनेड उपलब्ध करवाए हैं और उन्हें आगे अपने किसी अन्य कार्यकर्ता के साथ अमृतसर के लोहारका रोड क्षेत्र में संपर्क स्थापित करने के लिए कहा गया है। इस पुख्ता सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने नाका लगाकर संदिग्ध अजय और जोधबीर सिंह को रोका और उनकी तलाशी ली। उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए। डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आगे-पीछे के संबंध स्थापित करने के लिए आगे की जांच जारी है, ताकि नेटवर्क में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान की जा सके।










