पुलिस की शरण में पहुंचे पंजाब रोडवेज के चालक-परिचालक , सड़क पर चलते हुए संयम और विवेक खो रहे चालक
हिमाचल दस्तक ब्यूरो। सतीश शर्मा : बिलासपुर : सड़कों पर चलते समय वाहन चालक अपना संयम और विवेक खोते जा रहे हैं और यही वजह है कि लड़ाई-झगड़े भी बढ़ रहे हैं। ऐसी ही एक घटना में बुधवार सायं करीब चार बजे एक ट्रक चालक ने नौणी के आसपास पंजाब रोडवेज की बस के सामने के दोनों शीशे पत्थर मार कर तोड़ दिए। पंजाब रोडवेज के चालक और परिचालक बस को बिलासपुर बस अड्डे पर खड़ा करके पुलिस की शरण में पहुंच गए हैं।
घटना बुधवार सायं करीब चार बजे की है। पंजाब रोडवेज की बस का चालक अपने निर्धारित रूट पर बठिंडा से मंडी जा रहा था। बताया जा रहा है कि नौणी के आसपास वह एक ट्रक को ओवरटेक कर रहा था और इसी दौरान बस का कोई हिस्सा ट्रक के साइड ग्लास से जा लगा और शीशा टूट गया। ट्रक चालक ने बस को रोक लिया और काफी देर तक दोनों में बहसबाजी होती रही। ट्रक चालक बस चालक से उसे हुए नुकसान की भरपाई करने की मांग करता रहा, लेकिन बस का चालक इसके लिए राजी नहीं हुआ।
काफी देर होने के बाद भी जब कोई बात नहीं बनी तो ट्रक चालक ने आव देखा ताव और पत्थर उठा कर बस के दोनों अगले शीशे तोड़ दिए। बाद में बस चालक ने बस को बिलासपुर बस अड्डे पर खड़ा कर दिया और सवारियों को दूसरी बस में भेजने के बाद चालक व परिचालक पुलिस की शरण में पहुंचे हैं। उधर, डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि फिलहाल उनके संज्ञान में यह मामला नहीं आया है, लेकिन यदि ऐसा है तो मामले में उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।







