कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के निरमंड क्षेत्र में घर से लाखों रुपये के सोने के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। शतालधार में हुई इस वारदात में परिवार के अलग-अलग लॉकरों से करीब 5 लाख रुपये कीमत के सोने के गहने गायब मिले हैं। पीड़ित परिवार की शिकायत के बाद ब्रौ पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। परिवार ने एक युवती पर चोरी का संदेह जताया है, जो कथित तौर पर अक्सर उनके घर आती-जाती थी। हालांकि, चोरी में उसकी संलिप्तता की पुष्टि अभी जांच के बाद ही होगी।

बहू ने लॉकर खोला तो उड़ गए होश
पुलिस के अनुसार शतालधार, तहसील निरमंड निवासी ब्रिकी राम ने चोरी की शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के मुताबिक, बीते रोज उनकी बहू ने घर में रखी अलमारी का लॉकर चेक किया। लॉकर खोलने पर उसमें रखे सोने के आभूषण गायब मिले। इसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया। ब्रिकी राम ने भी अपना लॉकर चेक किया तो वहां से भी सोने के कई गहने गायब पाए गए।
दो लॉकरों से गायब मिले सोने के गहने
परिवार को जब दोनों लॉकरों से आभूषण गायब होने का पता चला तो उन्होंने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। शिकायतकर्ता के अनुसार चोरी हुए आभूषणों की कुल कीमत करीब 5 लाख रुपये है। परिवार ने पुलिस को चोरी हुए जेवरात से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई है। ब्रिकी राम ने पुलिस को दी शिकायत में रामपुर तहसील के पटैना गांव की रहने वाली एक युवती पर चोरी का संदेह जताया है। परिवार के मुताबिक युवती अक्सर उनके घर आती-जाती रहती थी। इसी आधार पर परिवार को आशंका है कि उसने मौका पाकर लॉकर से जेवरात चोरी किए होंगे। शिकायतकर्ता ने संदिग्ध युवती का नाम और पूरा पता भी पुलिस को उपलब्ध करवाया है।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी
ब्रौ पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस चोरी के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और संदिग्ध युवती समेत अन्य संभावित कड़ियों को खंगाला जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घर में चोरी कब और किन परिस्थितियों में हुई। कुल्लू के पुलिस अधीक्षक अभिषेक सेकर ने मामले में केस दर्ज होने की पुष्टि की है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि चोरी की वारदात को किसने अंजाम दिया और परिवार द्वारा जताया गया संदेह सही है या नहीं।








