राजीव भनोट। ऊना
हिमाचल प्रदेश देश की राजनीति में अपने आप में महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहा है। भारतीय जनता पार्टी की मजबूत केंद्रीय सत्ता में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हिमाचल प्रदेश से जगत प्रकाश नड्डा हैं।
प्रदेश की राष्ट्रीय राजनीति में दखल की प्रतिशतता बढ़ती जा रही है। अपने कद को मेहनत से लगातार बढ़ाते हुए हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर ने पीएम मोदी का हिस्सा बनते हुए लगातार लंबी छलांग लगाई है।
अब अनुराग ठाकुर को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह के साथ चर्चा करने के बाद उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य के विधानसभा चुनावों के लिए सह-प्रभारी तैनात किया है।
अनुराग ठाकुर को यह बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले अनुराग ठाकुर को जम्मू-कश्मीर के पंचायती चुनावों में भी प्रभारी के नाते भेजा गया था, जहां उनके अच्छे परिणाम रहे थे।
यूपी की अपने आप में यह बड़ी जिम्मेदारी है, क्योंकि देश में सबसे बड़ा राज्य उत्तर प्रदेश है, जहां अनुराग ठाकुर को सह-प्रभारी तैनात किया गया है। वहीं प्रभारी के तौर पर उड़ीसा के नेता धर्मेंद्र प्रधान को तैनात किया गया है।
धर्मेंद्र प्रधान का भी हिमाचल के साथ नाता है। उनकी शादी हिमाचल में हुई है। भारतीय जनता पार्टी ने एक प्रभारी व 7 सह-प्रभारियों की तैनाती की है जिसकी अधिसूचना अरुण सिंह पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व मुख्यालय प्रभारी के द्वारा जारी की गई है।
अनुराग ठाकुर ने हिमाचल दस्तक से बात करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर भी खरा उतरेंगे और पार्टी नेतृत्व के दिशा-निर्देश अनुसार उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों के लिए काम करेंगे।