मंडी। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राष्ट्रीय राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले एक दशक में अभूतपूर्व विकास और वैश्विक प्रतिष्ठा हासिल की है, जबकि कांग्रेस ने हमेशा देशहित से ऊपर राजनीति को रखा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया, जबकि भाजपा सरकार ने राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ देश को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाया है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान भारत योजना के तहत 55 करोड़ से अधिक लोगों को प्रति वर्ष 5 लाख तक का मुफ्त इलाज सुनिश्चित किया गया है। अब 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को भी इस योजना में शामिल कर सामाजिक सुरक्षा को और मजबूत किया गया है।

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 700 अरब डॉलर तक पहुंचा
अनुराग ठाकुर ने बताया कि भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 2014 में लगभग 304 अरब डॉलर से बढ़कर 700 अरब डॉलर के स्तर तक पहुंच गया है। इसी अवधि में 667 अरब डॉलर से अधिक का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश आया, जो वैश्विक निवेशकों के भारत पर बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का पूंजीगत व्यय 2013-14 के लगभग 2 लाख करोड़ से बढ़कर 12 लाख करोड़ से अधिक हो गया है, जिससे देश में इंफ्र ास्ट्रक्चर और रोजगार सृजन को नई गति मिली है।
मेट्रो नेटवर्क 20 से अधिक शहरों तक फैला
इंफ्रास्ट्रक्चर विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों की लंबाई 2014 के लगभग 91,000 किमी से बढ़कर 1.45 लाख किमी से अधिक हो चुकी है। हवाई अड्डों की संख्या 74 से बढ़कर लगभग 150-180 तक पहुंच गई है और मेट्रो नेटवर्क 5 शहरों से बढ़कर 20 से अधिक शहरों तक फैल चुका है।







