ऊना : चंद्रमोहन चौहान।
केंद्रीय कैबिनेट में शामिल होने के बाद पहली बार हिमाचल पहुंचे अनुराग सिंह ठाकुर का जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान जिला भर में भव्य स्वागत किया गया। रात करीब 8 बजकर 45 मिनट पर लठियाणी से शुरू हुई जन आशीर्वाद यात्रा करीब साढ़े 7 घंटे बाद पंजाब के साथ लगते मैहतपुर में संपन्न हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह पर केंद्रीय मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। अनुराग की जन आशीर्वाद यात्रा अपने निर्धारित समय से करीब 4 घंटे देरी से जिला में शुरू हुई लेकिन इसके बावजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
कैबिनेट पद पर पदोन्नत होने के बाद पहली बार जिला में पहुंचे स्थानीय सांसद अनुराग सिंह ठाकुर को कार्यकर्ताओं ने पलकों पर बैठाया। कुटलैहड़ के लठियाणी में प्रदेश के कृषि मंत्री वीरेंद्र कंवर ने अनुराग ठाकुर का स्वागत किया। वहीं जिला मुख्यालय के पुराना बस अड्डा पर आयोजित जनसभा में वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने केंद्रीय मंत्री का गर्मजोशी से इस्तकबाल किया।
इस दौरान अनुराग सिंह ठाकुर ने भी विकास के मुद्दों को लेकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। वहीं जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर कांग्रेस द्वारा किए गए कटाक्ष पर भी अनुराग ठाकुर ने जमकर जुबानी तीर छोड़े।उन्होंने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा में उमड़ रहा जनसैलाब देखकर कांग्रेस के पैरों तले से जमीन खिसक चुकी है।