अर्की में हेलमेट से किया हमला, घायल युवक अस्पताल में भर्ती; आरोपी तीन दिन के पुलिस रिमांड पर
अर्की। जिला के अर्की उपमंडल में सड़क पर हुई मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। मोटरसाइकिल को साइड करने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर कथित रूप से जानलेवा हमला कर दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार अर्की निवासी प्रेम लाल ने पुलिस थाना अर्की में शिकायत दर्ज करवाई कि वह अपने साथी महेश गुप्ता के साथ सरयांज की ओर जा रहे थे। जब वे चौरंठु नामक स्थान पर पहुंचे तो वहां एक मोटरसाइकिल सवार अपनी बाइक को पीछे कर रहा था। इस दौरान महेश गुप्ता ने उसे सावधानी बरतने और थोड़ा साइड होने के लिए कहा ताकि मोटरसाइकिल उसके पैरों पर न चढ़ जाए।

शिकायत के अनुसार इस बात से नाराज होकर मोटरसाइकिल सवार ने महेश गुप्ता का गला पकड़ लिया और उसके साथ मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद उसने अपने हाथ में पकड़े हेलमेट से महेश गुप्ता के सिर और शरीर पर वार किए तथा जान से मारने का प्रयास किया। हमले में गंभीर रूप से घायल महेश गुप्ता मौके पर ही अचेत हो गया। इसके बाद प्रेम लाल उसे तत्काल उपचार के लिए एक निजी अस्पताल सरयांज ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे सिविल अस्पताल अर्की रेफर कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस थाना अर्की में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान कमलदेव (32) पुत्र हीरा सिंह निवासी गांव भटीयून, डाकघर कुनिहार, तहसील अर्की, जिला सोलन के रूप में की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तथा पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल का निरीक्षण राज्य फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एसएफएसएल) जुंगा की विशेषज्ञ टीम से भी करवाया गया। टीम ने मौके से भौतिक साक्ष्य एकत्रित किए, जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जांच में शामिल किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उसका तीन दिन का रिमांड हासिल किया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। मामले की पुष्टि सोलन एसपी तिरुमलाराजू एसडी वार्मा ने की।








