मोहन कपूर। केलांग
पिछले दिनों हुए ताजा हिमपात के बाद लाहुल के विभिन्न जगहों पर हिमस्खलन का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में लाहुल में हिमस्खलन को लेकर जिला प्रशासन ने अर्लट जारी कर दिया है। बहरहाल, रविवार को जिला लाहुल के गोंदला गांव के सामने वाली पहाड़ी से भी हिमस्खलन हुआ है। इसके साथ ही लाहुल के विभिन्न जगहों पर हिमस्खलन हुआ है, ऐसे में यहां हिमस्खलन गिरने का खतरा लगातार बना हुआ है।
इस बारे में जिला लाहुल के उपायुक्त पंकज राय ने बताया कि गत रोज हुई बर्फबारी के बाद रविवार को दोपहर तक लाहुल में मौसम साफ रहा। ऐसे में अब लाहुल में कई जगहों पर हिमस्खलन होने का खतरा बना हुआ है। पंकज राय ने बताया कि जिला प्रशासन ने हिमस्खलन गिरने के बाद लाहुल में अलर्ट जारी किया है। उन्होंने सभी वाहन चालकों व लोगों से आग्रह किया है कि लाहुल में कभी भी कहीं भी हिमस्खलन हो सकता है, ऐसे में सभी सावधानी पूर्वक अपने वाहनों को चलाएं। उन्होंने सैलानियों से भी आग्रह किया है कि वे यदि किसी दिक्कत में फंसे तो तुंरत जिला प्रशासन को सूचना दें ताकि समय पर रेस्क्यू किया जा सके।