40 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
बड़सर। विश्व विख्यात सिद्ध पीठ बाबा बालक नाथ मंदिर में चल रहे चैत्र मास मेलों के अंतिम रविवार को श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। हजारों की संख्या में देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा जी के दरबार में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आए भक्तों ने घंटों लंबी कतारों में खड़े होकर बाबा जी की पवित्र गुफा के दर्शन किए।

शनिवार दोपहर से ही बाबा की नगरी श्रद्धालुओं से खचाखच भर गई थी। देर रात तक और पूरी रात भक्तों का आना-जाना जारी रहा। पूरे क्षेत्र में दिनभर भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा। चैत्र मास के इस पावन अवसर पर बाबा जी की नगरी पूरी तरह भक्तिमय रंग में रंगी नजर आई, जहां हर ओर ‘जय बाबा बालक नाथ के जयकारों की गूंज सुनाई देती रही।
रविवार को करीब 40 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा जी की पवित्र गुफा में पूजा-अर्चना कर अपना शीश नवाया। मंदिर न्यास प्रशासन द्वारा लंगर, ठहरने और अन्य आवश्यक सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था की गई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अंतिम रविवार को सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की गईं और श्रद्धालुओं को सुविधाजनक दर्शन कराए गए।-सुभाष मल्होत्रा, मंदिर कार्यकारी अधिकारी।








