हमीरपुर। बाबा बालक नाथ मंदिर क्षेत्र में गुरुवार रात एक बड़ा हादसा होने से टल गया। रात करीब सवा दस बजे, जब अमृतसर से आया 15-20 श्रद्धालुओं का एक जत्था बैरियर नंबर एक के पास से गुजर रहा था, तभी अचानक पहाड़ी से एक विशाल चट्टान नीचे आ गिरी। चट्टान के सडक़ पर गिरकर टूटने से उसके टुकड़ों की चपेट में आकर अमृतसर निवासी 40 वर्षीय देवी घायल हो गई। गनीमत यह रही कि महिला के साथ मौजूद उसके दोनों बच्चे इस हादसे में बाल-बाल बच गए।

मंदिर ट्रस्ट की टैक्सी सेवा में उपलब्ध फस्र्ट एड किट से उसे शुरुआती उपचार दिया गया, जिसके बाद उसे तुरंत ट्रस्ट के अस्थायी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, महिला के घुटने और बाजू में चोटें आई हैं, लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद अब उसकी हालत स्थिर है।
घटना की सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेज दिया गया था। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावित क्षेत्र में फेंसिंग (बाड़) लगवाई जाएगी। फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर श्रद्धालुओं को उस रास्ते के बजाय दूसरे सुरक्षित किनारे से जाने के निर्देश दिए गए हैं और मौके पर एम्बुलेंस व सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए गए हैं।-सुभाष मल्होत्रा, मंदिर अधिकारी।








