बद्दी। बद्दी पुलिस द्वारा अवैध खनन के खिलाफ कार्यवाई करते हुए 1 जेसीबी और तीन टिप्पर को जब्त किया है। पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के दिशा-निर्देशानुसार अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस चौकी दभोटा की टीम द्वारा रात्रि गश्त के दौरान मुस्तैदी दिखाते हुए अवैध खनन में संलिप्त 4 वाहनों को मौके पर ही जब्त किया गया है।

रात्रि गश्त के दौरान पुलिस चौकी दभोटा की टीम जब आदूवाल-रेडू मार्ग पर थी, तो टीम द्वारा महादेव नदी की तरफ से आ रहे एक टिप्पर को रोककर जांच करने पर उक्त टिप्पर में अवैध खनन सामग्री भरी पाई गई। टिप्पर चालक मौके पर खनन से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उक्त टिप्पर को अपने कब्जे में लिया।
इसी कड़ी में कार्रवाई करते हुए, पुलिस टीम ने गांव धुँधली भाटिया में दबिश देकर रात के अंधेरे में अवैध खनन कर रहे तीन अन्य वाहनों को चालकों सहित मौके पर काबू किया। इनमें एक जेसीबी मशीन, 2 टिप्पर को जब्त किया गया।
पुलिस मामले में कर रही अगली कार्रवाई
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी चारों वाहनों एवं बरामद अवैध खनन सामग्री को अपने कब्जे में लेकर पुलिस चौकी दभोटा के परिसर में खड़ा करवा दिया है। मामले में माइनिंग एक्ट के प्रावधानों के तहत आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
पुलिस द्वारा अवैध खनन में संलिप्त आरोपी व्यक्तियों एवं वाहनों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।-अशोक वर्मा, एएसपी बद्दी।








