बद्दी। बद्दी के बिलांवाली में एक प्रवासी युवक की हत्या का मामला प्रकाश में आया है। सुचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बद्दी क्षेत्र के बिलांवाली लबाणा में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति का शव खेत में पड़ा मिला, जिसके सिर पर चोटें पाई गईं और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो चुकी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना बद्दी में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

मृतक की पहचान ओमकार चौधरी निवासी गांव छितावर जिला बिजनौर उप्र के रूप में हुई है, जिसका पिछली रात कुछ व्यक्तियों के साथ विवाद हुआ था, जिसके आधार पर दो संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर ली गई है।
पुलिस ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, एफएसएल टीम द्वारा भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं।
बद्दी पुलिस द्वारा अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है तथा मामले में संलिप्त आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।-अशोक वर्मा, एएसपी बद्दी।







