हिमाचल दस्तक। बैजनाथ
जिला कांगड़ा का अतिदुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल दिवाली से एक दिन पहले 11 साल बाद दूधिया रोशनी से जगमगा उठा। चंबा के रास्ते पैदल बड़ा भंगाल को रोशन करने गई बड़ा भंगाल के प्रधान मनसा राम भंगालिया के नेतृत्व में तकनीकी विद्युत कर्मचारियों की टीम बड़ा भंगाल को रोशन कर बुधवार को सकुशल नयाग्रां पहुंच गई।
बड़ा भंगाल के प्रधान मनसा राम भंगालिया ने उनके गांव को मुख्यमंत्री द्वारा दिवाली पर दिए गए उपहार पर खुशी जाहिर करते हुए बताया कि उनकी टीम बड़ा भंगाल को आवश्यकता अनुसार जगमग कर वापस लौटी है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस गांव में विद्युत व्यवस्था न होने का पता चलने पर तुरंत संज्ञान लेते हुए यहां पर आवश्यक विद्युत आपूर्ति का प्रबंधन किया है।
उन्होंने कहा कि हलके के लोग विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग लगभग 11 साल से कर रहे थे। अब लोगों की यह चिरपरिचित मांग पूरी हो गई है, वह भी दिवाली से ठीक 2 दिन पहले।
प्रधान मनसा राम भंगालिया ने मुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक मु्ल्ख राज प्रेमी का इस सफलता पर आभार जताते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री ने इस क्षेत्र को जल्द बिजली से संपन्न करने की मांग को सुना और इस पर जल्द संज्ञान लेते हुए यहां तक के हेलिकॉप्टर के माध्यम से विद्युत आपूर्ति का सामान पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि अब कांगड़ा जिला के उपमंडल बैजनाथ का दूरदराज गांव दुधिया रोशनी में नहा रहा है। कांगड़ा जिला के सबसे दूरदराज पिछड़े गांव बड़ा भंगाल को सड़क मार्ग से जोड़ना अभी भी प्रशासन के लिए एक चुनौती है।





