साल 2007 में लॉन्च हुई Bajaj Pulsar 220F बाइक अपनी दमदार परफॉर्मेंस, स्पोर्टी डिजाइन और शानदार रोड प्रेजेंस की वजह से आज भी काफी लोकप्रिय है। खास बात यह है कि करीब दो दशकों से कंपनी ने इसके डिजाइन में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं किए थे। अब Bajaj ने 2026 Pulsar 220F को नए अपडेट्स के साथ लॉन्च कर दिया है, जिससे यह बाइक पहले से ज्यादा मॉडर्न नजर आती है।

कीमत और नया अपडेट
नई 2026 Bajaj Pulsar 220F की एक्स-शोरूम कीमत 1.36 लाख रुपये रखी गई है। यह कीमत दिसंबर 2025 में लॉन्च हुए मॉडल से करीब 8,000 रुपये ज्यादा है। उस समय बाइक की कीमत 1.28 लाख रुपये थी. नए अपडेट के साथ कंपनी ने इस आइकॉनिक मॉडल को ताजा लुक देने की कोशिश की है।
19 साल बाद डिजाइन में बड़ा बदलाव
Pulsar 220F को हमेशा से उसके फुल-फेयर्ड डिजाइन, क्लिप-ऑन हैंडलबार और स्पोर्टी स्टाइल के लिए पसंद किया जाता रहा है। कंपनी ने इतने वर्षों तक इसके मूल डिजाइन को लगभग वैसा ही बनाए रखा था। हालांकि 2026 मॉडल में सबसे बड़ा बदलाव फ्रंट सेक्शन में किया गया है, जो पहली नजर में ही दिखाई देता है।
नई Pulsar 220F में मिलेगा फुल LED हेडलाइट सेटअप
नई Pulsar 220F में फुल LED हेडलाइट दी गई है, जिससे बाइक का फ्रंट लुक पहले के मुकाबले ज्यादा आधुनिक हो गया है, इसमें ऑटो-ऑन फीचर भी मिलता है। पहले बाइक में लो बीम और हाई बीम के लिए अलग-अलग वर्टिकल लाइट यूनिट्स दी जाती थीं, लेकिन अब दोनों को एक ही प्रोजेक्टर LED यूनिट में शामिल कर दिया गया है. इसके साथ नई आइब्रो-स्टाइल LED DRL भी दी गई है, जो इसकी स्पोर्टी अपील को और बढ़ाती है।
क्या किए गए हैं बदलाव
नई Pulsar 220F में मुख्य बदलाव हेडलाइट और फ्रंट फेशिया तक ही सीमित हैं. इसके अलावा बाइक का बाकी डिजाइन और मैकेनिकल सेटअप पहले जैसा ही रखा गया है । दिसंबर 2025 में कंपनी ने LED इंडिकेटर्स जोड़े थे और यह फीचर नए मॉडल में भी मिलता है। हालांकि Green Light Copper कलर ऑप्शन को अब बंद कर दिया गया है. फिलहाल यह बाइक चार नए रंगों में उपलब्ध है।










