चंद्र ठाकुर। नाहन
केंद्र और प्रदेश सरकार की किसानों के हित में बनाई गई जन कल्याणकारी योजनाओं को अब लोगों तक पहुंचाया जाएगा। यह कार्य किसान मोर्चा के किसान प्रहरी करेंगे। सिरमौर जिले में हर बूथ पर 10 किसान प्रहरियों की नियुक्ति की जाएगी।
यह बात राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष एवं किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष बलदेव भंडारी ने मंगलवार को नाहन में कही। भंडारी नाहन में भाजपा किसान मोर्चा की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में किसानों से जुड़ी समस्याओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि बीजेपी किसान मोर्चा ने निर्णय लिया है कि हर बूथ पर मोर्चा द्वारा 10-10 किसान प्रहरी नियुक्त किए जाएंगे। किसान मोर्चा के ये किसान प्रहरी केंद्र व राज्य सरकार की योजना से जुड़ी जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे, ताकि लोग सरकार की इन महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ उठा सकें।
भंडारी ने बताया कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा कई ऐसी योजनाएं चलाई जा रही है जिसका सीधा लाभ किसानों को मिल रहा है। उन्होंने किसानों के खाते में किसान सम्मान निधि योजना के तहत 2-2 हजार की राशि डालने के लिए भी केंद्र सरकार का आभार जताया है। इस मौके पर बलदेव भंडारी के अलावा जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता व किसान मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।