हिमाचल दस्तक। पधर
द्रंग ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष (Drang Block Congress President) बामन देव ठाकुर (Baman Dev Thakur) ने द्रंग क्षेत्र की अनदेखी का आरोप प्रदेश सरकार पर लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र की पूरी तरह अनदेखी कर रही है और विधायक जवाहर ठाकुर अपने क्षेत्र के हितों की पैरवी करने में विफल साबित हुए हैं।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए बामन देव ठाकुर ने कहा कि उपमंडल मुख्यालय पधर में महत्वपूर्ण विभागों के अहम पद खाली पड़े हुए हैं। जिनका आम जनता से सीधा सरोकार है। तहसील कार्यलय में तहसीलदार और नायब तहसीलदार दोनों पद रिक्त पड़े हुए हैं। इस कारण आम जनता को राजस्व सबंधी कामकाज निपटाने में परेशानी आड़े आ रही है।
वहीं विकास खंड द्रंग की 45 पंचायतों में से 20 पंचायतों में पंचायत सचिव नहीं है। उपमंडल की गृह एवं सबसे बड़ी डलाह पंचायत में गत तीन सालों से स्थायी सचिव नहीं है। सचिव के 20 पद रिक्त होने से पंचायतों के विकासात्मक कार्य ठप पड़े हुए हैं।
सिविल अस्पताल पधर में पूर्व कांग्रेस सरकार के समय मे विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध थी। आज अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं चरमराई हुई हैं। अल्ट्रासाउंड मशीन तक यहां नहीं रही है। वही पधर बीएमओ का कार्यभार भी डॉक्टर देख रहें हैं। चौहारघाटी के वेटरनरी स्वास्थ्य केंद्रों में फार्मासिस्ट तक नहीं है। दुर्गम क्षेत्र के पशुपालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
सड़कों की हालत बरसात से पहले ही दयनीय बनी हुई है। लोक निर्माण महकमा सड़कों की मुरम्मत को लेकर धन प्रावधान न होने का रोना रो रहा है। वर्ष 2017 में कोटरोपी हादसे के प्रभावित एक दर्जन परिवारों का चार साल बाद भी पुनर्वास नही हो पाया है न प्रभावित परिवारों को अब तक गृह निर्माण के लिए जमीन आबंटित हो पाई है।
प्रभावित गांव सदवाड़ी, खुंड़, रोपा, पंदलाही और सास्ती गांव के ग्रामीण सड़क खस्ताहाल होने से पैदल सफर को मजबूर हुए हैं। यहां सड़क किनारे ड्रेनेज सिस्टम तैयार न होने से सारा पानी लोगों के घरों में घुस रहा है। ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है। चौहारघाटी के संपर्क मार्ग गत बरसात के बाद बंद पड़े हैं। इससे किसानों बागवानों को अब आलू सीजन शुरू होते ही चिंता सताने लगी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब से भाजपा सरकार सत्ता में आई है। द्रंग क्षेत्र के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। द्रंग की जनता मूलभूत सुविधाओं से महरूम हो गई है।
विधायक जवाहर ठाकुर अपना राजनीतिक धर्म निभाने के पूरी तरह विफल साबित हुए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता क्षेत्र की अनदेखी को लेकर शीघ्र सड़कों पर उतर कर आम लोगों की आवाज को बुलंद करेगी। इस दौरान ब्लाक कांग्रेस वरिष्ठ उपाध्यक्ष भूप सिंह धरवाल भी मौजूद रहे।