बंगाणा। पुलिस थाना बंगाणा के तहत वन विभाग की टीम ने छतैहड़ में अवैध रूप से खैर के मोछे काटने के मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान बलवंत सिंह निवासी छतैहड़ के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार गत दिवस वह वन रक्षक आकाश के साथ डीपीएफ जंगल छतैहड़ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें जंगल में कुल्हाड़ी चलने की आवाज सुनाई दी। टीम जब मौके पर पहुंची तो एक व्यक्ति खैर के मोछों का छिलान करता हुआ मिला। वन विभाग की टीम ने मौके पर उसे पकड़ लिया और पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने जंगल से खैर के मोछे काटे हैं। आरोपी की निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखे गए खैर के 18 मोछे बरामद किए गए।
वन विभाग ने मौके से एक हत्था आरी, कुल्हाड़ी तथा एक मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया है। वन विभाग के अनुसार बरामद खैर मोछों की अनुमानित कीमत करीब 48 हजार रुपये आंकी गई है। मामले की सूचना पुलिस थाना बंगाणा को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








