बंगाणा । बंगाणा बाजार को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए उपमंडल प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल की अगुवाई में शुक्रवार को पुलिस दस्ते के साथ बाजार में दबिश देकर प्रतिबंधित प्लास्टिक लिफाफों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान करीब 30 किलोग्राम प्लास्टिक लिफाफे जब्त किए गए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माना भी किया गया। प्रशासन की कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने दुकानदारों को स्पष्ट हिदायत दी कि प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दुकानदारों से अपील की गई कि वे प्लास्टिक के बजाय पर्यावरण अनुकूल विकल्पों का इस्तेमाल करें और ग्राहकों को भी इसके लिए जागरूक करें।

एसडीएम सोनू गोयल ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल चालान या जुर्माना करना नहीं, बल्कि बंगाणा बाजार को स्वच्छ, व्यवस्थित और आम लोगों के लिए सुविधाजनक बनाना है। उन्होंने कहा कि बाजार में नियमों की नियमित रूप से जांच की जाएगी और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। बंगाणा बाजार में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस ने भी अभियान चलाया।
इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 25 से अधिक वाहन चालकों के चालान किए गए। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की हिदायत दी। एसडीएम ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि वाहन चालक और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है। बाजार में बढ़ते यातायात को देखते हुए नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने के संकेत दिए गए हैं।
एसडीएम सोनू गोयल के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य बंगाणा बाजार को स्वच्छ, सुंदर, अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित बनाना है। प्रशासन ने दुकानदारों और आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि नियम सभी के लिए समान हैं। आने वाले दिनों में प्लास्टिक, यातायात नियमों और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई और तेज की जा सकती है।








