मंडी। औट-बंजार राष्ट्रीय राजमार्ग-305 पर मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा होने से टल गया। चवाली माता मंदिर के समीप चलती निजी बस के पीछे के दोनों टायर अचानक निकल गए। घटना के समय बस में करीब 20 से 25 यात्री सवार थे। हालांकि बस चालक ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए वाहन पर नियंत्रण बनाए रखा और बस को सुरक्षित स्थान पर रोक दिया।

घटना के बाद बस सड़क के बीचोंबीच खड़ी हो गई, जिसके कारण औट-बंजार एनएच-305 पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। करीब दो घंटे तक मार्ग पर यातायात बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालांकि छोटे वाहन सावधानीपूर्वक बस के किनारे से निकलते रहे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में चलने वाले वाहनों की नियमित जांच बेहद जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल हादसे में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।








