ऊना। जिला मुख्यालय के समीप बसाल में हरियाणा रोडवेज की बस और स्कूटी के बीच हुई टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार दो युवक घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया है। वहीं पुलिस ने स्कूटी चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में हरियाणा रोडवेज के चालक पोहप सिंह ने बताया कि बुधवार शाम धर्मशाला से बल्लभगढ़ के लिए बस लेकर निकले थे। देर रात्रि जब उनकी बस बसाल स्थित बाबा रुद्रानंद गेट के सामने पहुंची, तो एक स्कूटी सड़क पार कर रही थी। बस चालक के अनुसार उसने स्कूटी सवारों को देखकर लगातार हॉर्न बजाया।
स्कूटी सड़क के दूसरी ओर पहुंचने के बाद अचानक पीछे मुड़ गई और सीधे बस से टकरा गई। हादसे में स्कूटी चालक सुमित कुमार निवासी रायपुर सहोड़ा तथा पीछे बैठे अशोक कुमार घायल हो गए। शिकायतकर्ता के अनुसार हादसे के बाद बस चालक, परिचालक और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को निजी वाहन से उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। उधर, हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही पुलिस ने अस्पताल जाकर घायलों की जानकारी जुटाई और बस चालक का बयान दर्ज किया।
एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने स्कूटी चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल के साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।








