सुन्नी । सुन्नी हत्या प्रकरण में जिला शिमला पुलिस की ओर से त्वरित एवं सुनियोजित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में हत्या की वारदात में शामिल तीसरा आरोपी महेश कुमार चौहान(31) निवासी गांव जंगल बिंदवालिया नाहर छपरा, कुशीनगर (उत्तर प्रदेश) को भी शिमला पुलिस की टीम की ओर से कुशीनगर से गिरफ्तार किया गया है।

आरोपी महेश मामले में फरार था तथा लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। इसका स्थायी पता अन्य आरोपियों को भी ज्ञात नहीं था। तकनीकी विश्लेषण एवं मुखबिर की सहायता से आरोपी का पता लगाकर, स्थानीय पुलिस के सहयोग से इसे सफलतापूर्वक काबू किया गया। आरोपी को अदालत कुशीनगर के समक्ष प्रस्तुत कर ट्रांजिट रिमांड हासिल किया जाएगा तथा उसे शिमला अदालत में पेश किया जाएगा।
जांच में खुलासा, तीनों आरोपियों ने दिया वारदात को अंजाम
उल्लेखनीय है कि इसी टीम की इस केस में अन्य आरोपी अरुण कुमार राम पुत्र विश्वनाथ राम निवासी गांव देवी छपरा, पूर्वी चंपारण को 25 मार्च को मुजफ्फरनगर(बिहार) से गिरफ्तार किया गया था। इसके अतिरिक्त आरोपी बिकेश कुमार पुत्र स्वर्गीय रघुनी राम निवासी गांव देवी छपरा, पूर्वी चंपारण को 28 मार्च को नेपाल बॉर्डर (बिहार) से गिरफ्तार कर शिमला लाया गया था। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद वर्तमान में न्यायिक हिरासत में जेल कैथू, शिमला में रखा गया है। जांच में पाया गया है कि तीनों आरोपियों ने मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। मामले में संलिप्त सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है ।







