हिमाचल दस्तक। सुंदरनगर: बीबीएमबी नहर पंडोह-सुंदरनगर और सुंदरनगर झील के पानी में गाद आ जाने से सुंदरनगर शहर में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो गई है,जिससे सुंदरनगर के शहरवासियों को आगामी दो तीन दिनों तक पेयजल संकट का सामना करना पड़ सकता है। सुंदरनगर शहर को पानी की सप्लाई पंडोह के डैम से बीबीएमबी की नहर से ही मिलती है। ब्यास नदी में बारिश से भयंकर बाढ आने से ही पंडोह डैम का पानी भी गाद युक्त बन चुका है जिससे आगे की आपूर्ति प्रभावित हुई है।
दो तीन दिनों तक आएगी यह समस्या
जल शक्ति विभाग ने बताया कि सुंदरनगर शहर में जलापूर्ति व्यवस्था दो से तीन दिनों तक आंशिक रूप से प्रभावित रहेगी। इसका मुख्य कारण बीबीएमबी नहर व सुंदरनगर झील में जल स्तर का गिरना और नहर में भारी मात्रा में गाद का जमा होना बताया गया है। शहर को पेयजल उपलब्ध करवाने वाली उठाऊ पेयजल योजना इस समय बीबीएमबी नहर और जलाशय पर निर्भर है लेकिन हाल ही में नहर में जल स्तर अत्यधिक घट गया है। ब्यास नदी के पानी से नहर में बड़ी मात्रा में गाद जमा हो गई है,जिससे जलापूर्ति बाधित हो रही है। विभागीय टीमें स्थिति को सुधारने के लिए लगातार काम कर रही हैं। नहर की सफाई और जल प्रवाह को सामान्य करने के प्रयास जारी हैं। लेकिन जब तक जल स्तर सामान्य नहीं होता और गाद पूरी तरह साफ नहीं की जाती, तब तक शहर में जलापूर्ति पूरी तरह बहाल नहीं की जा सकेगी। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में जल आपूर्ति बेहद कम हो सकती है, जबकि कुछ क्षेत्रों में पूरी तरह से बाधित रह सकती है।
पानी का करें संयम से उपयोग
जल शक्ति विभाग ने आम जनता से अपील की है कि इस अस्थायी संकट के दौरान धैर्य बनाए रखें और पानी का इस्तेमाल बहुत सोच.समझकर करें। विशेषकर पीने और रसोई के लिए पानी को प्राथमिकता दें तथा अन्य उपयोग में अनावश्यक जल बर्बादी से बचें।विभाग का कहना है कि वे स्थिति पर पूरी निगरानी रखे हुए हैं और सभी संसाधनों के साथ कार्य कर रहे हैं ताकि जलापूर्ति यथाशीघ्र सामान्य की जा सके। सहायक अभियंता ने यह भी कहा कि किसी भी तरह की असुविधा के लिए विभाग नगरवासियों से खेद व्यक्त करता है और सभी से सहयोग की अपेक्षा करता है।
जल शक्ति उपमंडल सुंदरनगर के सहायक अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि बारिश और बाढ़ की वजह से पानी में गाद की मात्रा बढ़ गई है जिससे पेयजल आपूर्ति आशिंक तौर पर प्रभावित हुई है । लोग पानी को स्टोर करके रखें तथा पड़ोसियों के साथ सामूहिक रूप से उपयोग करें, ताकि आपसी सहयोग से इस संकट का समाधान किया जा सके ।









