विनोद ठाकुर। भरमौर
जनजातीय क्षेत्र भरमौर की उपतहसील होली में रीछ ने वीरवार को दूसरे दिन भी एक और व्यक्ति को घायल कर दिया। उधर बुधवार को रीछ के हमले में गंभीर रूप से घायल पंजाबा राम की बुधवार रात को मृत्यु हो गई।
होली पंचायत के मझारण गांव के 65 वर्षीय पंजाबा राम को स्वास्थ्य केंद्र होली में उपचार के बाद छुट्टी दे गई थी। उसकी हालत ठीक बताई जा रही थी लेकिन बुधवार रात को उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और कुछ ही देर बार उसकी मौत हो गई।
उधर वीरवार सुबह होली पंचायत का ही सूटकर निवासी मदन लाल अपने खेतों में काम के लिए जा रहा था। जैसे ही वह घर से कुछ दूरी पर पहुंचा कि रीछ ने सामने से उस पर हमला कर दिया।
मदन के शोर मचाते ही स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए, जिन्हें देखकर रीछ भाग गया। उधर पूर्व वन मंत्री ठाकुर सिंह ने इस घटना पर गहरा शोक जताया है तथा जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित व्यक्तियों के इलाज का खर्चा प्रशासन उठाए व इनको उचित मुआवजा दिया जाए।